आरोप लगाने वाली दोनों महिलाओं से नहीं हो सकी पूछताछ
- एवीपी स्वरूप राज की आत्महत्या का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा।
नोएडा की जेनपैक्ट कंपनी के एवीपी स्वरूप राज की मौत के मामले में आरोप लगाने वाली दोनों महिलाओं और एचआर मैनेजर से अभी तक पुलिस की पूछताछ नहीं हो पाई है। पुलिस ने महिलाओं से पूछताछ के लिए संपर्क करना चाहा लेकिन कुछ कर्मचारियों ने आने में असमर्थता जताई है वहीं कई छुट्टी पर हैं।
नोएडा के सेक्टर-135 स्थित जेनपैक्ट कंपनी के एवीपी ऑपरेशन स्वरूप राज 11 साल से कंपनी में कार्यरत थे। 18 दिसंबर को कंपनी में काम करने वाली दो महिला कर्मचारियों ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एचआर मैनेजर से शिकायत की थी। स्वरूप राज की पत्नी का आरोप है कि एचआर मैनेजर ने बिना जांच करवाए ही स्वरूप राज को निलंबित कर दिया था। इससे आहत होकर 18 दिसंबर को सेक्टर 137 के पैरामाउंट सोसाइटी स्थित अपने फ्लैट में स्वरूप ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। स्वरूप की पत्नी ने आरोप लगाने वाली दोनों महिलाओं, कंपनी प्रबंधन और एचआर मैनेजर को पति की मौत के लिए जिम्मेदार बताते हुए कोतवाली सूरजपुर पुलिस से शिकायत की थी। स्वरूप की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।
पुलिस ने आरोप लगाने वाली दोनों महिलाओं, एचआर मैनेजर समेत कंपनी प्रबंधन के कई वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया था। इनमें से कुछ छुट्टी पर हैं तो कई ने संपर्क नहीं किया। वहीं, अधिकारियों से कुछ जानकारियां मिली हैं। पुलिस मामले में तेजी से जांच कर रही है। - मुनीष चौहान, कोतवाली सूरजपुर प्रभारी ।