कानपुर के ध्यानार्थ
-----------------
महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर घर में घुसकर पीटा
- सरिया और चाकू से पुरुष-महिलाओं को लहूलुहान करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। कुलेसरा गांव में बुधवार को महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित परिवार को घर में घुसकर पीट दिया। आरोपियों ने सरिया और चाकू से वार कर पुरुष-महिलाओं को लहूलुहान कर दिया। बचाव में पीड़ित पक्ष ने भी आरोपियों पर हमला कर दिया। दोनों पक्षों से 8 लोग घायल हुए हैं।
मूलरूप से कन्नौज निवासी परिवार कुलेसरा गांव में किराये के मकान में रहता है। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक उनके घर की महिला के साथ छेड़छाड़ करता है। बुधवार को भी आरोपी ने महिला से छेड़छाड़ की। सूचना पर घर की अन्य महिलाओं ने विरोध किया तो उसने परिजनों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने सरिया और चाकू से परिजनों को बुरी तरह पीटा। मारपीट में पीड़ित पक्ष की एक महिला समेत चार लोग घायल हुए। वहीं, घटना में आरोपी पक्ष के भी चार लोगों को चोट आई। पुलिस ने दोनों पक्षों को मेडिकल करवाया। पीड़ित ने पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अनीता चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद कार्रवाई होगी।