इनामी बदमाश अरशद मुठभेड़ मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू
- जांच अधिकारी एवं पुन्हाना के एसडीएम जितेंद्र गर्ग घटनास्थल पर पहुंचे, मृतक के परिजनों और पुलिस के बयान दर्ज किए
- 21 फरवरी को मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से हुई थी अरशद की मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया था पकड़कर मारने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
पुन्हाना। उपमंडल के गांव बिसरू में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए 25 हजार के इनामी बदमाश अरशद के मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने अरशद को पकड़कर गोली मारी है। परिजनों की शिकायत पर जिला मजिस्ट्रेट एवं डीसी नूंह पंकज कुमार ने अरशद एनकाउंटर मामले की मजिस्ट्रेट जांच पुन्हाना के एसडीएम जितेंद्र गर्ग को सौंप दी है और दस दिन में रिपोर्ट मांगी है। वहीं मंगलवार को एसडीएम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने गांव बीसरू में मौका ए वारदात का मुआयना किया और पुलिस एवं मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए।
दरअसल, 21 फरवरी को रेवाड़ी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक लाख का इनामी बदमाश इकराम और 25 हजार का इनामी बदमाश अरशद अपने अन्य साथियों के साथ गांव बीसरू के जंगल में बने एक कमरे में मौजूद हैं। अगर दबिश दी जाए तो आरोपियों को पकड़ा जा सकता है। रेवाड़ी सीआईए पुलिस ने नूंह पुलिस के सहयोग से 21 फरवरी को बिसरू गांव के बढका रोड पर बदमाश इकराम व उसके साथियों को पकड़ने के लिए दबिश दी। पुलिस को देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की और इस दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश अरशद पुत्र दीन मोहम्मद निवासी बिसरू के सिर में गोली लग गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मांडीखेडा स्थित अल-आफिया अस्पताल में ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस व बदमाशों के बीच चली मुठभेड़ में सिपाही पवन कुमार के हाथ में भी गोली लग गई थी। जबकि पुलिस ने इकराम पुत्र हमीद निवासी सिंगार व उसके साथी आजाद पुत्र सवाईखां उर्फ निवाज खां निवासी बिसरू व यामीन पुत्र ईसा निवासी धौज-फरीदाबाद को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।
जिलाधीश एवं डीसी के आदेश पर अरशद मुठभेड़ मामले की जांच की जा रही है। इसके लिए बिसरू गांव में मौके पर जाकर लोगों से पूछताछ भी की गई है। पुलिस और पीड़ित परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। अभी मामले की जांच चल रही है। मेडिकल और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही जांच तैयार कर रिपोर्ट भी दी जाएगी। - जितेंद्र गर्ग, एसडीएम पुन्हाना।
फोटो--एसडीएम जीतेंद्र गर्ग