फोटो----------
नशे में धुत्त होकर 15 गाड़ियों के शीशे तोड़े, गिरफ्तार
- सेक्टर-46 के गार्डेनिया ग्लोरी सोसायटी में पार्क थे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेक्टर-46 स्थित गार्डेनिया ग्लोरी सोसाइटी में नशे में धुत्त युवक ने अपनी ही सोसायटी में खड़ी करीब 15 गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। सभी गाड़ियां सोसाइटी निवासियों की हैं। इससे पहले युवक की गार्ड और बाउंसरों से बहस हुई थी। मौके पर पहुंची सेक्टर-39 पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार रात करीब 12 बजे मुकेश शर्मा का बेटा ध्रुव शर्मा नशे में सोसाइटी के गेट पर पहुंचा तो गार्ड ने उसे दूसरे गेट से अंदर आने के लिए कहा। गार्ड के मुताबिक सोसाइटी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात में केवल एक गेट से ही गाड़ियों को आनेजाने की अनुमति है। आरोप है कि दूसरे गेट से अंदर आने की बात कहने पर ध्रुव शर्मा ने गार्ड से गाली-गलौज़ की और वहां से अपने घर चला गया। इसके बाद बाउंसर जब इस बारे में बात करने उसके घर गए तो वहां हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई, जिसके बाद नशे में धुत युवक ने गुस्से में सोसाइटी में खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ना शुरू कर दिया।
मौके पर सेक्टर-39 थाना पुलिस पहुंची और युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। लोगों ने बताया कि आरोपी ने पहले भी एक बार गार्ड को टक्कर मारी थी।