राजस्थान से अवैध रूप से शराब लाने वाला चढ़ा हत्थे
फिरोजपुर झिरका
राजस्थान से बाइक पर अवैध रूप से शराब ला रहे एक शख्स को सीआईए के जवानों ने दोहा चौक से दबोच लिया। उसके पास से आठ पेटी अंग्रेजी शराब व दो पेटी बियर की बरामद हुई हैं। उसके खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सीआईए प्रभारी भरतपाल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाटनउदयपुरी गांव का एक व्यक्ति पिछले काफी दिनों से राजस्थान से अवैध रूप से शराब लाकर गांव में बेच रहा है। बताया गया कि वह बाइक एचआर-28बी-2150 पर शराब लादकर राजस्थान से ला रहा है। सूचना पर सीआईए के एएसआई हरदेव, एएसआई हरीश डागर, हवलदार जयसिंह, सुनील कुमार ने दोहा चौक पर दबिश देकर उसे दबोच लिया। उसने अपना नाम बिजेंद्र निवासी पाटनउदयपुरी थाना फिरोजपुर झिरका बताया है।