सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत
नोएडा। सेक्टर-62 के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सेक्टर-58 पुलिस ने बताया कि सेक्टर-62 में मंगलवार तड़के साइकिल सवार अज्ञात वाहन वाहन की चपेट में आ गया। आसपास से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने घायल को उठाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस पहचान कराने का प्रयास कर रही है। ब्यूरो
मानसिक बीमार महिला को अस्पताल में भर्ती कराया
नोएडा । मानसिक रूप से कमजोर एक महिला को सेक्टर-20 पुलिस ने दिल्ली स्थित अस्पताल में भर्ती कराया है। सेक्टर-20 कोतवाली प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि एक महिला सेक्टर-18 की मार्केट में घूम रही थी। पुलिस को वह दिमागी रूप से कमजोर प्रतीत हुई। दिल्ली में मानसिक इलाज करने वाले सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्यूरो
परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
नोएडा। सेक्टर-39 कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर कॉलोनी से गायब हुए युवक के परिजनों ने अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए मंगलवार को पुलिस से मिले। पुलिस ने आश्वासन दिया कि उसकी तलाश की जा रही है। दरअसल, नोएडा के सदरपुर कॉलोनी में पानी की सप्लाई करने वाले उदय दत्त तिवारी के पास 7 जुलाई को कार सवार युवक आए थे और वह उसे बैठाकर ले गए। उसके बाद वह गायब है और परिजनों ने अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए अनहोनी की संदेह जताया है। ब्यूरो