दिल्ली के ध्यानार्थ
सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कार में बंधक बना लूटा
दिल्ली जाने के लिए कार में बैठा था पीड़ित
एक घंटा घुमाया, एटीएम कार्ड से निकाले 40 हजार
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। कार सवार बदमाशों ने रविवार रात को बीपीओ के सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कार में बिठाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने इंजीनियर को बंधक बनाकर पर्स व मोबाइल लूट लिया। एक घंटे तक बंधक बनाकर उसे घुमाते रहे और उसके एटीएम कार्ड से 40 हजार रुपये निकलवा लिए। लूटपाट के बाद पीड़ित को सर्फाबाद के पास सुनसान इलाके में छोड़कर भाग गए। सोमवार को पीड़ित इंजीनियर ने कोतवाली सेक्टर-58 पहुंचकर मामला दर्ज करवाया।
विकासपुरी (दिल्ली) निवासी मयंक कोहली सेक्टर-60 स्थित एक बीपीओ में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। वह रविवार रात 11 बजे ड्यूटी खत्म कर घर जाने के लिए कंपनी के पास ही गाड़ी का इंतजार कर रहा था, तभी एक कार उसके पास आकर रुकी।
कार में चालक समेत 4 लोग बैठे हुए थे। मयंक विकासपुरी जाने के लिए कार में बैठ गया। कुछ दूर जाने के बाद बदमाशों ने मयंक को बंधक बना लिया। बदमाशों ने मारपीट कर मयंक का मोबाइल और पर्स लूट लिया। एक घंटा कार में घुमाने के बाद बदमाश मयंक को लेकर सर्फाबाद के एक एटीएम बूथ में पहुंचे। वहां बदमाशों ने मयंक के एटीएम कार्ड से 40 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद बदमाश उसे सर्फाबाद के पास सुनसान इलाके में छोड़कर भाग निकले।
क्षेत्राधिकारी द्वितीय राजीव कुमार सिंह ने बताया कि लूटपाट की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया गया है। एटीएम बूथ व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।