हनी ट्रैप का शिकार बनाकर कबाड़ियों को लूटने वाले दंपती को बिसरख कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला पहले कबाड़ियों को कबाड़ बेचने का झांसा देती थी। कबाड़ दिखाने के बहाने ले जाते समय रास्ते में कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर पीड़ित को पिलाने के साथ ही खुद भी पी लेती थी।
उनके बेहोश होने पर पीछे से आ रहा पति कबाड़ी को लूटकर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद नशीली दवा समेत दो घटनाओं में प्रयुक्त दो मोबाइल, नशीली दवा एटीवान 2 एमजी के रैपर व करीब 10 टैबलेट बिना रैपर के बरामद की है। आरोपियों की पहचान प्रदीप यादव व माधुरी शर्मा निवासी खुर्जा, बुलंदशहर के रूप में हुई है।
दिल्ली में भी की दो वारदात
एसपी ग्रामीण विनीत जायसवाल ने बताया कि हाल के दिनों में बिसरख व ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में दो जहरखुरानी के मामले सामने आए थे। पुलिस जांच में लगी हुई थी। मंगलवार रात बिसरख कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दंपति को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि 10 जनवरी को बिसरख व 3 जनवरी को ईकोटेक कोतवाली क्षेत्र में हुई जहर खुरानी की घटना के अलावा एक माह पहले दोनों ने सोनिया विहार, दिल्ली में भी दो वारदात की।
50 हजार व मोबाइल लूटकर हुआ था फरार
पुलिस ने बताया कि बीते 10 जनवरी को भी आरोपियों ने सूरजपुर निवासी कबाड़ी शाबिर मलिक को कबाड़ दिखाने के बहाने ग्रेनो वेस्ट के पतवाड़ी स्थित हनुमान मंदिर बुलाया था। भंगेल की तरफ जाते समय उसे नशीली दवा पिलाकर 50 हजार व मोबाइल लूट लिए थे। इतना ही नहीं नशे की हालत में होने के कारण कुछ दूर चलने पर पीड़ित व आरोपी का एक्सीडेंट भी हो गया था।