पुलिस मुठभेड में पुलिस की गोली से घायल इनामी तस्कर सोनू कसाई ।
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी गो-तस्कर को गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सोमवार देर शाम सेक्टर-62 स्थित जयपुरिया कट के पास मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान गाजीपुर दिल्ली निवासी सोनू कसाई के रूप में हुई है। आरोपी कई वर्षों से गो-तस्करी कर बीफ का भंडारण कर रहा था।
नोएडा जोन के एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-58 के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार अपनी टीम के साथ सेक्टर-62 जयपुरिया कट के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। सोमवार देर शाम बाइक सवार संदिग्ध को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इशारा देखते ही बाइक सवार भागने लगा। उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार सोनू कसाई के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने बताया कि सोनू का साथी शेखर तीन दिन पहले ही पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ था। गिरफ्तार सोनू कसाई पर 6 से अधिक मामले दर्ज हैं। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था। आरोपी के पास से बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह का एक और तस्कर साजिद अभी फरार है। तीन दिन पहले सेक्टर-62 में ही हुई पुलिस मुठभेड़ में वह भाग निकला था। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।
बीफ का सबसे बड़ा खरीदार है सोनू कसाई
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि सोनू कसाई का कई गो-तस्कर गिरोहों से संपर्क था। हापुड़ से लेकर एनसीआर के कई तस्करों से बीफ लेकर गाजीपुर में राजधानी धर्मकांटा के पास बने गोदाम में रखता था। वहीं से कई जगह बीफ की सप्लाई करता था।
अंतरराज्यीय गो तस्करी रोकने के लिए तैयार हो रहा प्लान
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि गो-तस्करी खत्म करने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके लिए हाईवे के थानों के साथ मिलकर योजना बनाई जा रही है। गाजीपुर मंडी तक जाने वाले रास्तों पर नजर भी रखी जा रही है। पुलिस रूट मैपिंग तैयार करने को लेकर काम कर रही है। इसी प्लानिंग के तहत चार दिनों में अंतरराज्यीय गो-तस्कर गिरोह के दो बड़े आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।