- आम्रपाली लेजर पार्क के निवासी बोले, लावारिस कुत्तों से हो रही परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सोसाइटी के बाहर खुले नाले के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। नाले को ढकने के लिए कई बार प्राधिकरण के अधिकारियों से गुहार लगाई गई लेकिन आज तक सुनवाई नहीं हुई। लावारिस कुत्ते और रजिस्ट्री जैसे अहम मुद्दों पर किसी का ध्यान ही नहीं जा रहा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली लेजर पार्क के निवासियों ने रविवार को आयोजित अमर उजाला संवाद में इन मुद्दों को उठाया।
निवासियों ने बताया कि सोसाइटी के बाहर सफाई की व्यवस्था खराब है। प्राधिकरण के अधिकारियों को तत्काल सफाई कराकर छिड़काव कराना चाहिए। सोसाइटी में पानी के गंदे आने की कई बार निवासी शिकायत कर चुके हैं। तय समय पर टंकियों की सफाई नहीं कराई जा रही है। पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन सोसाइटी में लड़ाई होती रहती है। एनबीसीसी से कई बार समस्या के समाधान की मांग की जा चुकी है। वहीं सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ती है।
प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। पूरे दिन काम चलता रहता है। एनजीटी के नियमों को ताक पर रखकर बिल्डर काम कर रहे हैं। लावारिस कुत्तों के कारण लोगों का बाहर निकलना बंद हो गया है। कुत्ते आए दिन किसी न किसी को काट लेते हैं। सोसाइटी के बेसमेंट में पानी भरे रहने के कारण ढांचा कमजोर होता जा रहा है। निवासियों ने बताया कि कई सालों से रजिस्ट्री होने का इंतजार किया जा रहा है। हर केवल भरोसा दिया जा रहा है। सोसाइटी में किसी की भी अब तक रजिस्ट्री नहीं हो पाई है। सोसाइटी में सबसे खराब गुणवत्ता की साम्रगी का इस्तेमाल किया गया है। जिससे आए दिन प्लास्टर गिरता रहता है।
खुले नाले को बंद कराया जाना चाहिए। जिससे निवासी बीमारियों से बच सकें। - अविनाश कुमार
दवाइयों का छिड़काव होना चाहिए जिससे डेंगू जैसे खतरे से बचा जा सके। - राकेश चतुर्वेदी
सार्वजनिक बस सेवा नहीं होने से आए दिन जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। - नागेश्वर लाल
प्रदूषण के कारण सांस लेने में परेशानी हो रही है। निर्माण कार्य पर रोक लगानी चाहिए। - राहुल कुमार
रजिस्ट्री नहीं होने के कारण परेशान हैं। फ्लैट का मालिकाना हक नहीं मिल रहा है। - रामकुमार सिंह
लावारिस कुत्तों से निवासी परेशान हो चुके हैं। इससे निजात मिलनी चाहिए। - शनि पटवा