ग्रेटर नोएडा में मुश्किल समय ने दिखा दिया है कि इंसानियत अभी जिंदा है। इसकी मिसाल ग्रेनो वेस्ट स्थित गौड़ सिटी वन की 6 एवेन्यू सोसाइटी के निवासियों ने पेश की है। वहां एक युवती को मां का इलाज कराने के लिए पैसों की जरूरत थी।
युवती ने सोसाइटी के लोगों से मदद मांगी। इस पर निवासियों ने अपने स्तर से तत्काल मदद की। युवती के पास अब तक 60 हजार से अधिक रुपये पहुंच चुके हैं।
युवती मां और भाई के साथ सोसाइटी के बी टावर में रहती है। उसकी 62 वर्षीय मां बीमार चल रही हैं। उनकी एंटीजन रिपोर्ट नेगेटिव आई थी, लेकिन ऑक्सीजन का स्तर 74 पहुंच गया। इस कारण दो दिन पहले ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। परेशान होकर युवती ने 22 अप्रैल की सुबह सोसाइटी के व्हाट्स एप ग्रुप पर संदेश भेजकर मदद की गुहार लगाई।
इस पर निवासियों ने तुरंत मदद करनी शुरू कर दी। शुक्रवार शाम तक युवती के पेटीएम पर 41 हजार रुपये पहुंच चुके थे। किसी ने 500 तो किसी ने 1000 रुपये की मदद की। वहीं, सोसाइटी में विभिन्न कार्यक्रम और त्योहार के लिए फंड एकत्रित किया जाता है। एक कार्यक्रम का पैसा बचा हुआ था।