नोएडा। जिले में एक बार फिर पांव पसारता कोरोना स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी समस्या बन चुका है। पिछले साल की तुलना में इस साल मार्च-अप्रैल का महीना कोरोना में रिकॉर्ड तेजी लेकर आया है। मार्च 2020 से जिले में कोरोना के केस आने का सिलसिला शुरू हुआ था। इस दौरान मार्च में सिर्फ 3 मरीज और अप्रैल में 90 मरीज मिले थे। इसके विपरीत मार्च 2021 में 580 संक्रमित मिले, वहीं अप्रैल के पहले दिन ही सामने आए 93 नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है।
जिले में मार्च 2020 से शुरू हुआ नए मरीजों का सिलसिला अक्तूबर तक हर माह बढ़ता गया था। अक्तूबर से कमी आनी शुरू हुई थी। वहीं, फरवरी में एक माह के नए मरीजों की संख्या मात्र 161 रह गई थी। अब मार्च के अंतिम 15 दिनों में कोरोना केसों की संख्या फिर रफ्तार पकड़ने लगी है। कोरोना की नई लहर से बदले हालातों के बीच अब स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। निजी एवं सरकारी अस्पतालों के इंतजामों का विभाग लगातार जायजा ले रहा है।
---
कई स्थानों पर 7 टीमों ने जांच की
विभाग की 7 टीमों ने शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर कोरोना जांच की। इसमें लगभग 1500 एंटीजन और 500 आरटीपीसीआर टेस्ट हुए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि 3 सैंपलिंग टीमों को जेनपैक्ट मल्टीनेशनल कॉलिंग कंपनी, एक सैंपलिंग टीम गौड़ गार्डन सेक्टर-119, एक टीम कम्युनिटी सेंटर सेक्टर-39, एक टीम जीआईपी और एक टीम प्राइमरी सेकेंडरी कांटेक्ट की सैंपलिंग में लगाई गई। यह कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा। वहीं, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नेपाल सिंह ने बताया कि गौड़ सिटी सोसाइटी, स्टेलर जीवन सोसाइटी, ट्राइडेंट सोसाइटी, सूरजपुर लखनावली, गेझा और निठारी ग्रेनो में एडब्ल्यूएचओ सोसाइटी, एनआरआई सिटी, सेक्टर अल्फा-1, अल्फा-2, डेल्टा-1, डेल्टा-2, बीटा-2 और गामा-2 में सर्वे टीम ने स्थल निरीक्षण करते हुए कांटेक्ट ट्रैसिंग संबंधित नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की।
---
लोगों को किया जागरूक
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित विक्रम के नेतृत्व में आरआरटी टीम ने सुप्रीम सोसाइटी, सेक्टर-99, एग्जॉटिका ड्रीमविला गौड़ सिटी ग्रेनो वेस्ट, होम्स-121, सेक्टर-121, एडब्लूएचओ सोसाइटी ग्रेनो, आम्रपाली ईडेन पार्क सेक्टर-50, हाइड पार्क, सेक्टर-78 और आम्रपाली ईडेन पार्क, सेक्टर-59 आदि स्थानों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों और विभिन्न स्टाफ को कोरोना गाइडलाइन संबंधी जानकारियां दी गई। डॉ. विक्रम ने बताया कि यह अभियान आगे चलेगा।
यूं बदले हालात
मार्च 2020 - 3 मरीज
अप्रैल 2020 - 90 मरीज
मई 2020 - 253 मरीज
जून 2020 - 1250 मरीज
जुलाई 2020 - 2703 मरीज
अगस्त 2020 - 2481 मरीज
सितंबर 2020 - 4722 मरीज
अक्तूबर 2020 - 5044 मरीज
नवंबर 2020 - 4932 मरीज
दिसंबर 2020 - 2957 मरीज
जनवरी 2021 - 780 मरीज
फरवरी 2021 - 161 मरीज
मार्च 2021 - 580 मरीज