तावडू। सीएचसी के टीकाकरण केंद्र पर सोमवार को कोरोना वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया। टीका लगवाने पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार के बाद जब यह सूचना दी गई तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग पर गुमराह करने का आरोप लगाया। इनमें ज्यादातर लोग कम्पनी व फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूर थे।
टीका लगवाने पहुंचे दलीप, एमदीन, प्रमोद पांडे, सुशीला, सावंती देवी व इमरती देवी आदि ने बताया कि वह सुबह 8 बजे ही टीकाकरण केंद्र पर वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच गए थे। वहीं 11 बजे तक तावडू टीकाकरण केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग का कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इस दौरान महिला और पुरुषों की टीकाकरण केंद्र पर लंबी कतारें लग गईं। जानकारी लेने के लिए लोग इधर-उधर सीएचसी में भटकते रहे। सीएचसी परिसर में मौजूद स्टाफ से कई बार पूछने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
करीब 12 बजे उन्हें वैक्सीन खत्म होने की सूचना दी गई तो इन लोगों ने सीएचसी केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग पर गुमराह करने का आरोप लगाया। केंद्र पर पहुंचे लोगों ने बताया कि ज्यादातर बिलासपुर रोड व भिवाड़ी में कंपनी व फैक्ट्रियों में काम करते हैं। उन्हें वैक्सीन लगवाने के बाद ही काम करने की अनुमति दी जा रही है। वैक्सीन नहीं लगने के कारण कई लोगों का वेतन भी रुका हुआ है। इस दुविधा में फंसे होने के कारण वह आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं।
तावडू सीएचसी के प्रवर चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र सोलंकी ने बताया कि सोमवार के दिन तावडू सीएचसी में केवल को वैक्सीन की दूसरी डोज लगनी थी। जिसके लिए पहले से ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोटिस लगा दिया गया था। लेकिन, बड़ी संख्या में टीकाकरण केंद्र पर पहुंचे लोगों ने नोटिस बोर्ड पर ध्यान नहीं दिया और हंगामा शुरू कर दिया।
फोटोऱ्1 टीकाकरण केंद्र पर वैक्सीन के इंतजार में पहुंचे लोग
फोटो ऱ् 2 वैक्सीन नहीं नहीं लगने से गुस्साए लोग सीएचसी परिसर में हंगामा करते हुए।