नोएडा। सात महीने बाद एक ही दिन में कोरोना के मामलों में तीन गुना इजाफा दर्ज किया गया। बुधवार को 510 नए मरीजों की पुष्टि के बाद जनपद में फिर पाबंदियों का दौर शुरू हो गया है। सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 1110 पहुंच गई। सक्रिय मरीजों के मामले में गौतमबुद्ध नगर प्रदेश में पहले स्थान पर बना हुआ है।
महामारी की दूसरी लहर के दौरान 2 मई को अब तक के सबसे ज्यादा 1571 मामले सामने आए थे। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने जनपद में 165 मरीजों की पुष्टि की थी, जबकि बुधवार को रिकॉर्ड 510 नए मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आया है। जिले में संक्रमण दर 3.64 फीसदी दर्ज की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार 1092 सक्रिय मरीजों का होम आइसोलेशन में उपचार चल रहा है, जबकि 18 मरीज सेक्टर-39 स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती हैं।
ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए कोरोना संक्रमित मिले यूके से आए दो लोगों को अस्पताल के विशेष वार्ड में भर्ती किया गया है। जिला कारागर से संक्रमित दो बंदियों को भी कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीआईएसएफ के तीन जवान भी संक्रमित मिले हैं, जिन्हें अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।
डॉक्टर सहित तीन मरीज आईसीयू में भर्ती
दनकौर स्वास्थ्य केंद्र के एक डॉक्टर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तीन दिन पहले संक्रमित के संपर्क में आने पर उनकी कोरोना जांच कराई थी। डॉक्टर सहित पुरानी बीमारियों से ग्रसित तीन लोगों को आईसीयू में रखा गया है। हालांकि, फिलहाल ऑक्सीजन की जरूरत किसी को नहीं पड़ी है।
कोरोना संक्रमित का सुरक्षित प्रसव
सेक्टर-39 स्थित कोविड अस्पताल के स्टाफ ने एक कोरोना संक्रमित का सुरक्षित प्रसव कराकर उसे वार्ड तक पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार जच्चा बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। निजी अस्पताल में पहुंची महिला की एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे कोविड अस्पताल रेफर कर दिया गया था। सुबह करीब 11:30 बजे महिला अस्पताल पहुंची, जबकि दोपहर करीब 12.30 बजे महिला ने बच्चे को जन्म दिया।
घर में नहीं आइसोलेशन तो अस्पताल पहुंचे
ज्यादातर मरीजों का होम आइसोलेशन में उपचार हो रहा है। जिन लोगों के घर में एकांत की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए कोविड अस्पताल में आइसोलेशन की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में 7 मरीज हैं जो परिवार के अन्य सदस्यों को संक्रमण से बचाने के लिए खुद अस्पताल पहुंचे।
इस माह ऐसे बढ़ा कोरोना का ग्राफ
1 जनवरी 61
2 जनवरी 131
3 जनवरी 135
4 जनवरी 165
5 जनवरी 510