नहीं मिल रहा सहयोग, धरातल पर कैसे उतरेगा 35 लाख करोड़ का निवेश
-जिस काम के लिए के लिए कोरिया की कंपनी के अधिकारी काट रहे थे चक्कर, मंत्री नंदी के हस्तक्षेप से 24 घंटे में मिली अनुमति
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार भले ही देश-विदेश की कंपनियों को निवेश के लिए तैयार कर वन ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने की पुरजोर कोशिश कर रही हो, लेकिन सरकारी मशीनरी बदलते वक्त के साथ कदम नहीं मिला पा रही है। दरअसल कार्य में बाधा डाल रहे 25 पेड़ों को काटने की अनुमति कोरिया की कंपनी को नहीं मिल पा रही थी। मंगलवार को औद्योगिक मंत्री नंदगोपाल गुप्ता उर्फ नंदी ने कंपनी का दौरा किया तो उनके सामने यह शिकायत आई। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद वनाधिकारी की ओर से 24 घंटे में एनओसी जारी कर दी गई। इस पर कंपनी के अधिकारियों ने मंत्री नंदी को फोन कर उनका आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों वैश्विक निवेश सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 35 लाख करोड़ रुपये का निवेश करार देश-विदेश की कंपनियों से किया था। अब यह निवेश धरातल पर उतारे जा रहे हैं। लेकिन स्थानीय स्तर पर निवेशकों की मदद करना तो दूर उनका सहयोग तक नहीं किया जा रहा है। छोटे से कार्य को भी लंबे समय तक खींचा जा रहा है। मंगलवार को मंत्री नंदी जब ग्रेटर नोएडा में कोरिया की कंपनी ड्रीमटेक इलेक्ट्रॉनिक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में निरीक्षण करने पहुंचे तो कंपनी अधिकारियों ने 27 पेड़ काटने की अनुमति नही मिलने की समस्या बताई थी। इस पर मंत्री ने कहा कि अगले दिन काम हो जाएगा। जिस काम के कंपनी के अधिकारी कई दिनों से कार्यालय के चक्कर काट रहे थे, वह मात्र 24 घंटे में हो गया। उधर, मंत्री नंदी ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कहा है कि वह ऐसे सभी विभागों के साथ बैठक कर समीक्षा करें। कंपनियों जो भी काम हों उनको तत्काल करवाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दें। विदेशी कंपनियों के लोग यहां आकर काम कराने के लिए परेशान हों, इससे देश की छवि खराब होती है।