सड़क पर पशुपालक को लाठियों से पीटा, वीडियो वायरल
- पुलिस के सामने पिटाई करने का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार
- जबरन काटने के लिए भैंस ले जाने की कोशिश का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा / जेवर। जबरन काटने के लिए भैंस ले जाने का विरोध करने पर कस्बे में एक पशुपालक को सरेआम सड़क पर लाठी-डंडे से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पीड़ित का आरोप है कि उसे पुलिसकर्मियों के सामने पीटा गया। वीडियो में लाल नीले रंग की लाइट भी दिखाई दे रही है, लेकिन अधिकारी पुलिस के सामने पीटने के आरोप को निराधार बता रहे हैं। हालांकि इस मामले में एक दरोगा के खिलाफ जांच भी शुरू हुई है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कस्बे के मोहल्ला कम्बूहान निवासी हनीफ उर्फ काले का कहना है कि एक अक्तूबर की रात उसके पड़ोस में रहने वाले हउअन, असगर, इस्माइल और किला कालोनी के नईम ने उसकी गर्भवती भैंस को जबरन ले जाने की कोशिश की। हनीफ का आरोप है कि आरोपी उसकी भैंस काटने के लिए ले जा रहे थे। इसलिए उसने भैंस ले जाने का विरोध किया। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसे सड़क पर पीटा। इस दौरान वहां वाहन लेकर पुलिसकर्मी खड़े थे। उन्होंने भी हनीफ को बचाने का प्रयास नहीं किया। हनीफ का आरोप है कि पुलिस ने उसे एक रात हिरासत में भी रखा। पुलिस ने मामले में चारो आरोपियों पर केस दर्ज किया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पीड़ित का कहना है कि नामजद किए गए आरोपी अभी पकड़े नहीं गए हैं। एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच चल रही है। अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई होगी।