- विजिटर, डिलीवरी कर्मियों और मेड की एंट्री रोकने का आरोप, पुलिस ने कराया शांत
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में विजिटर, डिलीवरी कर्मियों और घरेलू सहायिकाओं (मेड) की एंट्री पर रोक लगाने को लेकर रविवार को फिर विवाद हो गया। आक्रोशित निवासियों ने मुख्य गेट पर हंगामा करते हुए उसे बंद कर दिया। इससे प्रबंधन और निवासियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और स्टेट मैनेजर को अपने साथ ले गई। इसके बाद निवासी शांत होकर अपने फ्लैटों में लौट गए।
निवासी प्रणव मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्रबंधन की ओर से मेहमानों, ऑनलाइन सामान पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मियों और घरेलू सहायिकाओं के प्रवेश पर बार-बार पाबंदियां लगाई जा रही हैं। इससे परिवारों के रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि डिलीवरी कर्मियों और मेड को प्रवेश में परेशानी होने से उन्हें भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
निवासियों ने सवाल उठाया कि सुरक्षा के नाम पर ऐसी पाबंदियां उचित नहीं हैं, जिनसे रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हों। उनका कहना है कि सुरक्षा के लिए उचित सत्यापन जरूरी है, लेकिन इसके साथ निवासियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। इसी मुद्दे पर लोगों ने मुख्य गेट पर एकत्र होकर विरोध जताया। निवासियों ने सोसाइटी में सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि नियमित सफाई नहीं होने से परिसर में गंदगी फैली हुई है। लोगों ने प्रबंधन से प्रवेश व्यवस्था में सुधार और सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसायटी में डिलीबरी ब्वाय के प्रवेश पर रोक के बाद हंगामा