सोनीपत। हरियाणा में लगातार तीसरी बार बनी भाजपा की सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर राई स्थित एजुकेशन सिटी में 17 अक्तूबर को आयोजित होने वाली जन विश्वास जन-जन विकास रैली की तैयारियां जोरों पर हैं। रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश को नई सौगात देंगे।
रविवार को उपायुक्त सुशील सारवान व भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियां का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की। उपायुक्त ने मुख्य मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा इंतजाम, पेयजल, चिकित्सा सहायता, विद्युत व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं व जन सुविधाओं की तैयारियों को जाना।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रैली में आने वाले नागरिकों, कार्यकर्ताओं और विशिष्ट अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। रैली स्थल पर मुख्य मंच के निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
वीआईपी प्रवेश द्वार, आमजन के प्रवेश मार्ग और पार्किंग क्षेत्र के समुचित निर्धारण के साथ बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेराबंदी की रूपरेखा भी तय कर ली गई है। यातायात पुलिस ने रैली के दिन विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है ताकि राई क्षेत्र और आसपास के मार्गों पर यातायात सुचारु बना रहे।
रैली स्थल पर भव्य मंच, साउंड सिस्टम, लाइटिंग और सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्थाएं आधुनिक तकनीक के अनुरूप की जा रही है। कार्यक्रम की तैयारियों में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, हरियाणा रोडवेज, विद्युत निगम, जल आपूर्ति विभाग सहित सभी विभागों की टीमें जुटी हुई हैं।
भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने कहा कि रैली को लेकर पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर मदद करने के लिए भाजपा के वॉलंटियर मौजूद रहेंगे। इस दौरान सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, गोहाना जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, पूर्व जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा, वरिष्ठ नेता माई राम कौशिक, निगम आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, डीसीपी प्रबिना पी. मौजूद रहे।