एआई और पायथन आधारित पांच दिवसीय एफडीपी का समापन
देशभर के 20 राज्यों से 154 फार्मेसी शिक्षकों ने लिया भाग, नई पीसीआई पाठ्यचर्या पर मिला प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के फार्मेसी विभाग द्वारा फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) और आईबीएम बिजनेस एनालिटिक्स लैब के सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय ऑनलाइन फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी)-1.0 का समापन हो गया। एम्पावरिंग एजुकेटर्स विद पायथन एंड एआई विषय पर आयोजित कार्यक्रम में देश के 20 राज्यों के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से 154 शिक्षकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीसीआई पाठ्यचर्या के अनुरूप फार्मेसी शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), पायथन, डेटा एनालिटिक्स और उभरती तकनीकों से सशक्त बनाना था। उद्घाटन सत्र में लॉयड ग्रुप की चीफ स्ट्रेटेजी ऑफिसर एवं हेड ऑफ ग्रोथ प्रो. वंदना अरोड़ा सेठी, संस्थान के अध्यक्ष मनोहर ठैरानी तथा फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष जशुभाई हीराभाई चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रो. वंदना अरोड़ा सेठी ने कहा कि नई फार्मेसी पाठ्यचर्या नवाचार, अनुसंधान, उद्यमिता, डिजिटल दक्षता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता को बढ़ावा देने वाली है। वहीं, मुख्य अतिथि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के उपाध्यक्ष जशुभाई चौधरी ने कहा कि एआई आधारित दवा खोज, क्लीनिकल रिसर्च और हेल्थकेयर एनालिटिक्स फार्मेसी क्षेत्र का भविष्य हैं और इससे नई दवाओं के विकास में समय एवं लागत दोनों में कमी आ रही है।