ईको विलेज-1 के निवासियों ने की अपेक्स कोर्ट कमेटी से स्थायी समाधान की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित ईको विलेज-1 सोसाइटी में कॉमन एरिया मेंटेनेंस (कैम) शुल्क घटाकर दो रुपये प्रति वर्ग फीट किए जाने के बाद अब निवासियों की नजर सुविधाओं और सेवाओं पर है। शुल्क कम होने से लोगों को आर्थिक राहत मिली है, लेकिन मैनपावर और सेवाओं में कटौती की चर्चा ने लोगो के सामने नई चिंता खड़ी कर दी है।
निवासियों ने बताया कि कम कैम शुल्क के नाम पर सुरक्षा, सफाई, लिफ्ट, बिजली, पानी, हाउस कीपिंग और अन्य जरूरी सुविधाओं में कटौती नहीं होनी चाहिए। कैम शुल्क को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच निवासियों ने अपेक्स कोर्ट कमेटी से जल्द हस्तक्षेप कर सभी पक्षों को सुनने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
कैम शुल्क को लेकर विवाद काफी समय से चल रहा है। निवासी बेहतर और पूरी सुविधाएं चाहते हैं, लेकिन उचित शुल्क और पारदर्शिता होनी चाहिए।
- रंजना सूरी भारद्वाज
अपेक्स कोर्ट कमेटी को जल्द हस्तक्षेप कर सभी पक्षों से बातचीत करनी चाहिए। निवासी बेहतर सुविधाएं चाहते हैं, लेकिन इसके लिए शुल्क उचित होना चाहिए।
- समीर भारद्वाज
कैम शुल्क कम होने का मतलब यह नहीं कि सुरक्षा, सफाई, लिफ्ट, बिजली, पानी और हाउसकीपिंग जैसी सुविधाएं भी आधी कर दी जाएं।
- विवेक गुप्ता
बंद सोसाइटी में रहने वाले लोगों को सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सेवाएं पूरी क्षमता के साथ मिलनी चाहिए।
- आलोक रस्तोगी