फिरोजपुर झिरका। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी कर रवा गांव के सरपंच द्वारा अवैध खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाए हैं कि दिल्ली-बड़ौदा-मुंबई एक्सप्रेस वे के लिए अधिग्रहीत की गई भूमि की मुआवजा राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने सीएम विंडो पर शिकायत कर सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मुआवजा राशि की एफडी को तुड़वाकर विकास कार्यों में गड़बड़ी की जा रही है। रवा गांव के पंच सलाउद्दीन सहित अन्य ग्रामीणों ने दी शिकायत में बताया कि सरपंच सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद भी पहाड़ से पत्थर चोरी कर रहा है। वहीं सरपंच शाहिद ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि राजनीतिक गुटबाजी के कारण सलाउद्दीन सहित अन्य लोगों ने शिकायत दी है। इस बारे में जिला विकास पंचायत अधिकारी राकेश कुमार मोर ने कहा कि सीएम विंडो पर दी गई शिकायत के आधार पर सरपंच के खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।