पति की मौत के लिए कंपनी अधिकारियों को ठहराया जिम्मेदार
नोएडा। 5 अगस्त को घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाले कर्मचारी की पत्नी ने कंपनी अधिकारियों के खिलाफ फेज-2 कोतवाली में शिकायत दी है। आरोप है कि कंपनी के अफसरों ने पति को आर्थिक व मानसिक रूप से प्रताड़ना दी थी, इसी वजह से उसने आत्महत्या की। महिला ने पति द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट भी बरामद होने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस को तहरीर में सेक्टर-82 निवासी सुनीता भट्ट ने बताया कि उनके पति धर्मदत्त भट्ट सेक्टर-63 स्थित कंपनी में 2011 से एडमिन के पद पर कार्यरत थे। मार्च में कंपनी अधिकारियों ने उनका 10 दिन का वेतन काटकर लॉकडाउन के दौरान घर में रहने को कह दिया। कंपनी में उनकी जगह किसी जूनियर को जिम्मेदारी दे दी। इसके बाद जब भी धर्मदत्त अधिकारियों से बात करते तो उनके साथ गलत व्यवहार किया जाता था। सुनीता के अनुसार रक्षाबंधन पर वह अपने घर गई थीं, 5 अगस्त की रात उनके पति ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम के बाद वह पति के शव को गांव ले गईं, वहां अंतिम संस्कार आदि के बाद हाल में ही वापस लौटी हैं। घर में साफ-सफाई के दौरान उन्हें गद्दे के नीचे पति द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट मिला है। जिसमें कंपनी के आपरेशन मैनेजर समेत कई लोगों को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का जिम्मेदार बताया गया है। महिला ने सुसाइड नोट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी फरमूद अली का कहना है कि सुसाइड नोट की जांच कराई जाएगी। यदि वह सही पाया जाता है तो कंपनी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।