कोर्ट के आदेश पर कोतवाली फेज टू पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ग्रेटर नोएडा की एक कंपनी के मालिक ने फेज टू की कंपनी मालिक पर 75 लाख रुपये से अधिक की राशि हड़पने का आरोप लगाया है। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर कोतवाली फेज टू पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित एक कंपनी के संचालक लोबजांग मेवो ने कोर्ट में अर्जी दी है कि वर्ष 2022 में फेज टू स्थित एक कंपनी के निदेशक आशीष वर्मा ने उनकी कंपनी के साथ कारोबार करने का प्रस्ताव रखा। इस पर दोनों के बीच बातचीत हुई और शिकायतकर्ता की कंपनी ने आरोपी की कंपनी को आरटीवी सिलिकॉन आदि की आपूर्ति करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि वर्ष 2023 में दिए माल का आरोपी की कंपनी ने भुगतान नहीं किया। कई बार कहने के बाद भी जल्द भुगतान करने का भरोसा दिया गया। आरोपी की कंपनी को वर्ष 2025 तक माल की आपूर्ति होती रही। मौजूदा वर्ष में गुप्त जानकारी मिली कि आरोपी कंपनी की पूरी संपत्ति बिना बकायेदारों का भुगतान किए बिकने वाली है।
जब उन्होंने ई-मेल के जरिये 75 लाख 47 हजार 185 रुपये की मांग की तब आरोपी कंपनी ने मार्च के अंत तक रकम देने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी भुगतान नहीं किया। बाद में पता चला कि आरोपी कंपनी चीन के नागरिकों को बेच दी गई है। कोतवाली फेज टू के प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी का कहना है कि इस मामले में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।