कनावनी से यूपी गेट तक का सफर बना सिरदर्द
6 किमी पार करने में लग गया 1.5 घंटे से ज्यादा का समय, मुख्य मार्ग पर जाम होने से शहर की सड़कों पर बढ़ा दबाव
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर की सड़कों पर सोमवार सुबह शुरू हुआ जाम देर शाम तक परेशान करता रहा। खासकर दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे और उसके आसपास से आने-जाने वाले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कनावनी कट से लेकर यूपी गेट तक पहुंचने में डेढ़ घंटे तक का समय लग गया। जाम के कारण लोगों को निकलना भी मुश्किल हो गया। डायवर्जन लागू होने की वजह से गाजियाबाद से आने वाले वाहनों का दबाव भी एनएच-9 पर बढ़ गया।
कांवड़ यात्रा के चलते यह रास्ता पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। यात्रा के कारण एनएच-9 की मुख्य लेन पर डायवर्जन लागू किया गया है। ऐसे में मॉडल टाउन के सामने से गुजरने वाली चार लेन के मार्ग पर आठ से ज्यादा लेन में ट्रैफिक चल रहा है। वाहनों का दबाव इतना हो गया है कि कुछ दूरी तय करने के लिए घंटों का समय लग रहा है। इस वजह से शहर की आंतरिक सड़कों पर दबाव बढ़ गया। विश्वकर्मा मार्ग भी पूरी तरह चोक हो गई। दोनों लेन पर ट्रैफिक फंसा रहा। ऐसे ही सेक्टर 61 की सड़क पर भी वाहनों को आवागमन में परेशानी हुई।
उधर कालिंदी कुंज पर भी जाम के हालात बने रहे। ऐसे ही चिल्ला रेड लाइट पर कांवड़ियों को गुजारने के लिए ट्रैफिक को बार-बार रोका गया। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस उपायुक्त यातायात अभय कुमार मिश्र ने बताया डायवर्जन होने की वजह से एनएच-9 पर दबाव बढ़ा जरूर लेकिन वाहनों की गति थमी नहीं। नियमित वाहन चलते रहे।
बारिश की वजह से भी बनी जाम की स्थिति
शाम के समय शहर में तेज बारिश हुई तो सड़कों पर जलभराव हो गया। सोमवार का दिन और पीक समय होने की वजह से वाहनों की गति धीमी पड़ गई। जलभराव से गुजरने के दौरान वाहनों की रफ्तार कम हुई। इससे देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। सिलसिला ऐसे ही बनता गया।
कल से चिल्ला समेत कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
नोएडा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली में वाहनों का दबाव कम करने के लिए जिले से दिल्ली जाने वाले मालवाहक वाहनों के साथ यात्री बसों की आवाजाही पर रोक रहेगी। प्रतिबंध 14 अगस्त की रात 10 बजे से 15 अगस्त को कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा। स्वतंत्रता दिवस परेड के फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते 12 अगस्त की रात 10 बजे से 13 अगस्त को कार्यक्रम खत्म होने तक भी यही व्यवस्था रहेगी। दिल्ली जाने वाले वाहनों को छह वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। चिल्ला बॉर्डर से आने वाले वाहनों को यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से आगे भेजा जाएगा। डीएनडी बॉर्डर से आने वाले वाहन डीएनडी टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे के रास्ते ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर जाएंगे। कालिंदी कुंज बॉर्डर से आने वाले वाहनों को यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने वाले वाहन जीरो प्वाइंट से परीचौक, पी-3, कासना और सिरसा होकर ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से जाएंगे। परीचौक से आने वाले वाहनों को पी-3, कासना और सिरसा होकर ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों के लिए फलैदा कट, खुर्जा से सर्विस रोड, गलगोटिया और सीपल चौक होते हुए कासना से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे का मार्ग निर्धारित किया गया है।