प्राधिकरण को 5 दिन में देनी होगी रिपोर्ट, धूल नियंत्रण पर विशेष जोर
निगरानी के लिए विशेष नोडल अधिकारी नामित करना अनिवार्य
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए 2027 में नोएडा क्या करेगा इसको लेकर एक्शन प्लान (कार्य-योजना) मांगा है। यह एक्शन प्लान 2027 में एक्यूआई और पीएम स्तर में 15 से 20 प्रतिशत कमी लाने के लक्ष्य के साथ होगा। यह योजना शहर के साथ जिला स्तर के लिए भी अलग से बनेगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि कार्ययोजना केवल कागजों तक सीमित न रहे, इसके लिए हर बिंदु पर संबंधित विभाग और एजेंसी की पहचान की जाएगी। इसके साथ ही क्रियान्वयन और निगरानी के लिए एक विशेष नोडल अधिकारी नामित करना अनिवार्य होगा। कार्ययोजना में नोडल अधिकारी का नाम, पद और संपर्क नंबर भी दर्ज करना होगा, ताकि लापरवाही होने पर सीधी जवाबदेही तय की जा सके। नोएडा प्राधिकरण के जीएम एस. पी. सिंह ने बताया कि आयोग से जो जानकारी मांगी जाएगी वह उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदूषण नियंत्रण के लिए पहले भी एक्शन प्लान तैयार कर काम किया गया है।
ये बिंदु कार्य-योजना बनाने में शामिल होंगे
-वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण
-सड़कों की धूल को कम करने के उपाय
-औद्योगिक इकाइयों से होने वाले उत्सर्जन की निगरानी
-निर्माण और विध्वंस (सीएंडडी) गतिविधियों से उड़ने वाली धूल पर रोक
- ठोस कचरा प्रबंधन और पराली/फसल अवशेष जलाने की घटनाओं पर लगाम
-डीजल जनरेटर (डीजी) सेट और शवदाह गृहों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करना