हल्दौर। गांव अम्हेड़ा में बाबा फतेह अली शाह के उर्स पर बुधवार रात आयोजित कव्वाली कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में कव्वाल समेत करीब 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बमुश्किल स्थिति पर काबू पाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कव्वाल मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर आपस में भिड़ गए। इस दौरान मंच पर चढ़कर खूब उत्पात मचाया और कव्वालों के साथ भी हाथापाई की। मारपीट में मोहम्मद सलीम (20), मो. अनीस (53), उवेश (11), शफीक अहमद (52), कासिम (32), नफीस अहमद (60), रिहान (17), हबाबी, हाफिस, करीमुद्दीन, फराज निवासीगण अम्हेड़ा के अलावा कव्वाल इलियास गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत किया। सीओ सिटी गौतम राय ने कहा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ करीब आठ नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।