ग्रेटर नोएडा(संवाद)। शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में विश्व क्लबफुट दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य क्लबफुट (टेढ़े पैर की जन्मजात विकृति) के प्रति लोगों को जागरूक करना था। इस दौरान क्लबफुट क्लिनिक का भी उद्घाटन किया गया।
चिकित्सकों का कहना है कि जन्म के तुरंत बाद या शुरुआती साल में उपचार से इस समस्या से ग्रसित बच्चों को सामान्य जीवन दिया जा सकता है। जिम्स के निदेशक डॉ. ब्रिगेडियर राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि क्लिनिक से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को सहायता मिलेगी। यह क्लिनिक प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगा। मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ श्रीवास्तव, ऑर्थोपेडिक्स विभाग के प्रमुख डॉ. विकास सक्सेना, एसोसिएट प्रो. डॉ. प्रतीक रस्तोगी, संकाय सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों सहित सभी उपस्थित रहे।