मौके पर जांच करते स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : Mewat
पुन्हाना। उपमंडल के गांव जमालगढ़ में अवैध रूप से चल रहे एक क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर नशीली दवाइयां बरामद की हैं। छापेमारी के दौरान संचालक अस्पताल को बंद कर मौके से फरार हो गया। अस्पताल को एक महिला की जीएनएम की डिग्री पर चलाने का आरोप है। पुलिस ने जिला अस्पताल मांडीखेड़ा के डिप्टी सीएमओ डॉ. पंकज की शिकायत पर क्लीनिक संचालक पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई राजेश ने बताया कि पुन्हाना के जमालगढ़ गांव के अड्डे पर बिना नाम से चल रहे एक अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान अस्पताल से नशीली दवाइयां मिलीं। अस्पताल को एक महिला की जीएनएम की डिग्री पर चलाया जा रहा था। जांच अधिकारी ने बताया कि डिप्टी सीएमओ डॉ. पंकज वत्स की शिकायत पर नंगला जमालगढ़ के ताहिर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। छापेमारी की कार्रवाई सीएम विंडों की शिकायत पर हुई है।