आरडब्ल्यूए और निवासी मिलकर पूजा स्थल तैयार करने में जुटे
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिवाली के बाद अब छठ पूजा के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। दक्षिणी दिल्ली के हरकेश नगर, वसंत कुंज, ग्रेटर कैलाश, नेहरू एनक्लेव, साकेत, सर्वोदय एनक्लेव, छतरपुर और घिटोरनी के पार्कों में सफाई अभियान व घाट बनाने का कार्य शुरू हो गया है। स्थानीय आरडब्ल्यूए और निवासी मिलकर पार्कों की साफ-सफाई, कटाई-छंटाई और पूजा स्थल तैयार करने में जुटे हैं।
हर साल की तरह इस बार भी कई सोसाइटी के निवासी पार्कों और खाली स्थानों में अस्थायी घाट बनवा रहे हैं। कुछ सोसाइटियों में स्विमिंग पूल या बड़े प्लास्टिक टबों का उपयोग कर घाट की साज-सज्जा की जा रही है। व्रतियों की सुविधा के लिए आरडब्ल्यूए ने सफाई कर्मचारियों और माली की मदद से पार्कों में सफाई, घास की कटाई और लाइटिंग का काम भी शुरू कर दिया है।
स्थानीय आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और निगम अधिकारियों को भी पत्र भेजकर अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों और कचरा निस्तारण की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है ताकि छठ पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। आने वाले दिनों में व्रतियों की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा इंतजाम भी किए जाएंगे।
छठ महापर्व सैकड़ों परिवारों के लिए आस्था का प्रतीक है। इस बार भी पार्कों की सफाई, लाइटिंग और घाट बनाने का काम आरडब्ल्यूए की देखरेख में चल रहा है। हम कोशिश कर रहे हैं कि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। - राकेश डबास, अध्यक्ष आरडब्ल्यूए, साकेत
-
इस बार भी सोसाइटी में महिलाएं और बच्चे मिलकर घाट की सजावट में जुटे हैं। सफाई का पूरा ध्यान रखा जा रहा है और आरडब्ल्यूए की ओर से पानी, लाइट और सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है ताकि सभी व्रती शांति और श्रद्धा से पूजा कर सकें। - ओम प्रकाश भड़ाना, महासचिव आरडब्ल्यूए, हरकेश नगर