हादसे में घायल क्लीनर की उपचार के दौरान मौत
26 जनवरी को यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ था हादसा, प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। यमुना एक्सप्रेसवे के 18 किलोमीटर माइलस्टोन के पास एक्सप्रेसवे के किनारे हाइवा को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में पंचर हाईवा का टायर बदल रहा क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घायल का दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल में उपचार चल रहा था। पांच अप्रैल रविवार को अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। गांव उदाका थाना रोजका मेव (हरियाणा) निवासी अख्तर के मुताबिक, उसकी हाईवा पर शाहरुख चालक व जकरू क्लीनर था। 26 जनवरी को दोनों गाड़ी में लकड़ी की गिट्टी भरकर नागल से यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते दनकौर जा रहे थे। इसी दौरान रबूपुरा क्षेत्र में जीरो पॉइंट से 18 किलोमीटर की दूरी पर एटीएस के सामने पंचर होने पर गाड़ी को साइड में खड़ी करके टायर बदलने लगे। तभी जेवर की तरफ से आए बेकाबू तेज रफ्तार वाहन ने खड़ी हाईवा में पीछे से टक्कर मार दी और गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में क्लीनर जकरू निवासी गांव उदाका गंभीर रूप से घायल हो गया था। रविवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हाइवा मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।