बाइक से हाईस्कूल का प्रवेश पत्र लेने जा रहा था छात्र, पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लिया, आरोपी की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा। ट्रैक्टर से स्टंटबाजी और उसका वीडियो बनाने में बाइक सवार 10वीं के छात्र को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों छात्र बोर्ड परीक्षा का प्रवेश पत्र लेने घर से निकलते थे। पुलिस ने आरोपी सचिन के खिलाफ केस दर्ज करके ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया है।
यह हादसा रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के महमदपुर जादों गांव का है। यहां रहने वाले सुंदर पाल ने बताया कि उनका बेटा ललित (18) मुनेश के साथ झाझर स्थित हाई स्कूल से परीक्षा का प्रवेश पत्र लेने के लिए बाइक से निकले था। गांव के बाहर दो युवक अपने ट्रैक्टर टोचन कर स्टंट करते हुए वीडियो बना रहे थे। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। इसी दौरान एक ट्रैक्टर अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और ललित और मुनेश की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इससे ललित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बुलंदशहर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, मुनेश की हालत नाजुक बनी हुई है।
सुंदर पाल ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। ललित उनका बड़ा बेटा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चला रहे थे और स्टंट कर रहे थे। इससे बाइक में टक्कर लग गई। घटना के बाद आरोपी भाग गए। कोतवाली प्रभारी सुजीत कुमार का कहना है कि ट्रैक्टर कब्जे में लेकर आरोपियों को नोटिस जारी किया गया है।