100 किलो गांजा बरामद, आरोपी ट्रेन से लाते थे गांजा और दिल्ली-एनसीआर में कैब से सप्लाई करते थे
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। विशाखापट्टनम से गांजा लाकर नोएडा-एनसीआर में सप्लाई करने के चार आरोपियों को कोतवाली फेज-टू पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये ट्रेन से गांजा लाते थे और नोएडा में कैब बुक कर रैपर में गांंजे की सप्लाई करते थे। इनसे 100 किलो गांजा बरामद हुआ है। इस गिरोह का सरगना बिजनौर का अनुज है। अन्य आरोपी सुभाष मंडल, जीत चौधरी, लल्लन मंडल पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। यहां मुर्शिदाबाद में रहते थे।
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये लोग कैब में सवार होकर कई खोखों व छोटे दुकान में गांजा देते थे। इसके साथ ही कॉलेज व विश्वविद्यालयों के आसपास सप्लाई करते थे। करीब एक से डेढ़ वर्ष से ये गांजा तस्करी कर रहे थे। पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपियों को विशाखापट्टनम में कहां से गांजा मिलता था।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपियोें को भंगेल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी विशाखापट्टनम से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर ट्रेन से एनसीआर में लाते थे। इसके बाद कैब बुक कर महंगे दाम में अलग-अलग स्थानों पर जाकर बेचते थे। तस्करों ने पुलिस को बताया कि ये लोग ट्रेन में गांजा को नायलॉन के बैग में लाते थे। उस बैग के दोनों साइड में गोल आकार की पतले पट्टे की लेयर लगी रहती थी, जिससे ये पकड़ में नहीं आते थे। डीसीपी ने गिरफ्तार करने वाली टीम को 15 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।