तावडू। नगर की नई अनाज मंडी के साथ 66 केवी पावर हाउस के पीछे विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर जिला नगर योजनाकार की टीम द्वारा कार्रवाई की गई है। बृहस्पतिवार को तकरीबन डेढ़ एकड़ भूमि पर निर्मित अवैध कॉलोनी में प्लाटों के रास्तों पर जेसीबी से खुदाई कर दी गई। जिला नगर योजनाकार वेद प्रकाश सेहरावत ने बताया कि पिछले काफी समय से क्षेत्र में अवैध कॉलोनी बसाई जाने की शिकायतें मिल रही थी। विभाग द्वारा कार्रवाई करने से पहले भू माफिया को अवैध कॉलोनी काटने को लेकर हिदायतें जारी की गई थी लेकिन, अवैध कॉलोनियों का कारोबार जारी रहा। पुलिस बल की मौजूदगी में इन अवैध कॉलोनियों में बने रास्तों को हटाया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई में विरोध भी करना चाहा। वहीं पुलिस बल मौजूद होने की वजह से किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ।
गांव रंगाला में भी होगी कार्रवाई
जिला नगर योजनाकार ने बताया कि गांव रंगाला में राजस्थान भिवाड़ी के सीमा के नजदीक भी भू माफियाओं द्वारा अवैध कॉलोनी बसाने की शिकायतें मिल रही है। जिस पर भी जल्दी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले तावडू क्षेत्र में जनवरी व फरवरी माह में गांव रंगाला और खोरी कला में अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई की गई थी। उन्होंने लोगों से कहा कि जमीन की खरीद-फरोख्त करते समय पूरी जानकारी लें।