फिरोजपुर झिरका। अंबेडकर चौक पर बरसात के पानी की निकासी नहीं होने के चलते बस स्टेंड जलमग्न हो गया है। यात्रियों के लिए बस स्टैंड तक पहुंचना मुसीबत बन गया है। वहीं शहर पहुंचने वाले यात्रियों को सबसे पहले जलभराव का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बरसात व नालों के गंदे पानी को प्रशासन द्वारा निकलवाया जाता है लेकिन लगातार हो रही बरसात के चलते पुन: पानी जमा हो जाता है। जिससे स्थानीय दुकानदारों की रोजी रोटी पर भी संकट बन आया है।
शहर के अंबेडकर चौक पर दुकान लगाने वाले जाकिर, शमशु, असलम, जुनैद ,ताहिर, चंदन, महेंद्र, राजू आदि का कहना है कि लगातार आ रही बरसात से बस स्टैंड के बाहर अंबेडकर चौक तक नालों का गंदा पानी जमा हो गया है। जिसे निकालने के लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा वैकल्पिक प्रबंध किए जा रहे हैं लेकिन लगातार बरसात आने के चलते पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जिससे दूरदराज से आने वाले यात्रियों के साथ-साथ राहगीरों व स्थानीय दुकानदारों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी भरा होने की वजह से दुकानों पर ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं।
अंबेडकर चौक पर बनी पुलिया चौक हो गई है। जिसे निकालने का विभाग द्वारा प्रबंध किया जा रहा है। पानी निकासी के लिए जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है। लगातार बरसात आने से उतना ही पानी जमा हो जाता है। जल्द ही पूरी तरह से गंदे पानी की निकासी को दुरुस्त किया जाएगा।- सुनील रंगा , नगर पालिका सचिव फिरोजपुर झिरका।