- सेक्टर-18 से अट्टा मार्केट और एक्सप्रेसवे तक लगा जाम, एलिवेटेड रोड बंद होने से बढ़ी परेशानी
नंबर
37 स्थानों पर ट्रैफिक और सिविल पुलिस की तैनाती
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। धनतेरस और दिवाली की खरीदारी के लिए शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे तो शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। बाजारों के आसपास दोपहर बाद से ही वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। सेक्टर-18, अट्टा मार्केट से लेकर सेक्टर-27, 29, 50 और 75 तक जाम की स्थिति बनी रही। नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे और दिल्ली की ओर जाने वाले रास्तों पर भी वाहनों की रफ्तार थमी रही। बाजारों में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने और सड़कों पर वाहनों के खड़े होने से परेशानी और बढ़ गई। देर शाम तक कई प्रमुख रास्तों पर वाहन रेंगते नजर आए।
सबसे ज्यादा दबाव सेक्टर-18 मार्केट के आसपास रहा। यातायात पुलिस ने सेक्टर-18 और सेक्टर-27 अट्टा मार्केट के बीच का कट बंद कर दिया। सेक्टर-18 की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला गया। ट्रैफिक को सेक्टर-38ए जीआईपी मॉल के सामने से फिल्म सिटी फ्लाईओवर के नीचे होते हुए शहदरा नाले के पुल की ओर डायवर्ट किया गया। इसके बावजूद अट्टा मार्केट और आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव बना रहा।
सेक्टर-27 इंदिरा मार्केट, सेक्टर-15 नयाबांस, सेक्टर-5 हरौला, सेक्टर-12-22 मंडी, सेक्टर-29 ब्रह्मपुत्र मार्केट, गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और सेक्टर-75-51 के बाजारों में भी खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कई जगह पार्किंग नहीं मिलने पर लोगों ने सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए, जिससे यातायात बाधित हुआ। सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर से सेक्टर-98 जाने वाली विश्वकर्मा रोड पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
डीसीपी ट्रैफिक सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि धनतेरस को देखते हुए यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई थी। शहर के 37 प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ सिविल पुलिस की भी ड्यूटी लगाई गई थी। अधिकारियों ने देर शाम तक यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। जाम की स्थिति से निपटने के लिए जरूरत के अनुसार कट बंद करने और वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकालने की व्यवस्था की गई।
एलिवेटेड रोड बंद होने से सेक्टर-18 पहुंचना हुआ मुश्किल
सेक्टर-33 के सामने गड्ढा होने के कारण नोएडा एलिवेटेड रोड पर सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर यातायात पिछले 16 दिनों से बंद है। ऐसे में वाहनों को नीचे की सड़क से निकाला जा रहा है। धनतेरस पर सेक्टर-18 और अट्टा मार्केट जाने वाले लोगों की संख्या बढ़ने से इस रास्ते पर भी जाम लग गया। निठारी बाजार के सामने वाहनों की कतारें लगी रहीं। सेक्टर-61 से सेक्टर-31 एलिवेटेड रैंप तक पहुंचने में वाहन चालकों को परेशानी हुई।
एक्सप्रेसवे और चिल्ला बॉर्डर पर भी वाहनों का दबाव
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली की ओर जाने वाले रास्ते पर सेक्टर-95 स्थित दलित प्रेरणा स्थल के सामने वाहनों का दबाव अधिक रहा। सेक्टर-14ए लिंक रोड पर चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी धीमा रहा। डीएनडी लूप पर उतरने वाले वाहनों की कतारें लगीं। वहीं फिल्म सिटी से सेक्टर-18 जाने वाली सड़क और न्यू अशोक नगर बॉर्डर से बॉटनिकल गार्डन तक कई बार जाम की स्थिति बनी।