नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की ओर से सर्किल रेट के लिए आमंत्रित सुझावों के तहत दिल्ली पंचायत संघ ने अपने मुख्य सुझाव सरकार को भेजे हैं। पंचायत संघ प्रमुख थान सिंह यादव ने कहा कि राजधानी के गांवों और किसानों को न्याय दिलाने के लिए कृषि भूमि का सर्किल रेट बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये प्रति एकड़ किया जाना चाहिए। चाहे वह नदी क्षेत्र हो, बंजर भूमि हो या किसी भी प्रकार की कृषि भूमि हो सभी का सर्किल रेट समान होना चाहिए ताकि किसानों को उचित मूल्य मिल सके।
गांवों की आवासीय भूमि का सर्किल रेट न्यूनतम रखा जाए। इससे ग्रामीणों की जमीन का वास्तविक मूल्य बढ़ेगा और वे आर्थिक रूप से सशक्त हो पाएंगे। डीडीए की ओर से मुख्य मार्गों पर आवासीय भूमि को कॉमर्शियल घोषित करने की प्रक्रिया पर भी उन्होंने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी भूमि का सर्किल रेट 200 प्रतिशत बढ़ाया जाए या उन्हें दोबारा आवासीय श्रेणी में लाकर डी-नोटिफाई किया जाए। सर्किल रेट तय करने से पहले दिल्ली के गांवों में विशेष कैंप आयोजित कर किसानों-ग्रामीणों की राय ली जाए। ब्यूरो