ग्रेटर नोएडा। इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप परियोजना ने बृहस्पतिवार को औद्योगिक विकास की ओर एक और कदम बढ़ा दिया। चीन की कंपनी चेनफेंग टेक प्राइवेट लिमिटेड ने भूमि पूजन कर प्लांट लगाने की शुरुआत कर दी है। डेढ़ साल में उत्पादन शुरू करने की योजना है। कंपनी यहां करीब 600 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे 5000 युवाओं को रोजगार मिलेगा।
दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी) और प्राधिकरण के संयुक्त उपक्रम इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप ग्रेनो लिमिटेड (आईआईटीजीएनएल) की तरफ से करीब 750 एकड़ में इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप बसाई गई है। इसमें पांच बड़ी कंपनियां जमीन ले चुकी हैं। इनमें हायर इलेक्ट्रॉनिक्स, फॉर्मी मोबाइल, सत्कृति इंफोटेनमेंट, चेनफेंग और जे वर्ल्ड इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं। चार कंपनियां प्लांट का निर्माण पहले ही शुरू कर चुकी हैं। अब चेनफेंग ने प्लांट लगाने की शुरुआत कर दी है। यह कंपनी एलईडी स्ट्रीट लाइट के कंपोनेंट बनाएगी। इसका एक प्लांट इकोटेक-1 एक्सटेंशन वन में पहले से चल रहा है। प्राधिकरण के सीईओ व आईआईटीजीएनएल के एमडी नरेंद्र भूषण इस भूमि पूजन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्लग एंड प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस यह टाउनशिप देश के चुनिंदा स्मार्ट टाउनशिप में से एक है।
एयरपोर्ट, रेल और हाइवे से जुड़ेगी इंडस्ट्रियल टाउनशिप
सीईओ नरेंद्र भूषण ने कहा कि चार वर्षों में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के मामले में प्रदेश 12वें से दूसरे पायदान पर आ गया है। पहले पायदान पर लाने की कोशिश है। यह टाउनशिप जल्द ही एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, मेट्रो लाइन से जुड़ेगी। मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट व लॉजिस्टिक हब, नोएडा एयरपोर्ट, डीएफसीसी के ईस्टर्न व वेस्टर्न रेलवे कॉरिडोर और हाइवे से यह जुड़ जाएगी। उन्होंने निवेशकों से टाउनशिप में निवेश का आह्वान किया और एक माह से भी कम समय में औद्योगिक प्लॉट आवंटित करने का फिर से दावा किया।
कई औद्योगिक शहरों का भ्रमण कर चुना
चेनफेंग के चेयरमैन हि वेंजिऑन ने कहा कि भारत में कई औद्योगिक शहरों के भ्रमण और जानकारी जुटाने के बाद उन्होंने आईआईटीजीएनएल को चुना है। इसकी कनेक्टिविटी व इंफ्रास्ट्रक्चर सबसे बेहतर है। भारत बहुत बड़ा बाजार है। यहां एलईडी से जुड़े अधिकतर उत्पाद आयात किए जाते हैं। 64 हजार वर्ग मीटर एरिया में बन रहे इस प्लांट में एलईडी लाइट के कंपोनेंट तैयार किए जाएंगे। इससे ग्रीन एनर्जी को भी बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर कंपनी परिसर में पौधरोपण भी किया गया। इस दौरान प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके अरोड़ा, आईआईटीजीएनएल के सचिव पतंजलि दीक्षित, चेनफेंग कंपनी के निदेशक कीर्ति डुंगरवाल व जिनजुआन वी, कंपनी सचिव पुलकित गुप्ता आदि मौजूद रहे।