- जिलाधिकारी ने छात्रों की मांग पर जल्द व्यवस्था करने का दिया है भरोसा
- जिला पुस्तकालय की दूसरी ब्रांच या फिर होगा विस्तार, कार्रवाई के निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिलाधिकारी ने बृहस्पतिवार को एनआईसी सभागार में जिला पुस्तकालय समिति की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला पुस्तकालय की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध पुस्तकों और अध्ययन सामग्री, पाठक पंजीकरण, आधारभूत सुविधाओं, शैक्षिक एवं पठन-पाठन प्रोत्साहन कार्यक्रमों के साथ-साथ पुस्तकालय के व्यापक प्रचार-प्रसार व जनसहभागिता बढ़ाने पर जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा है कि पुस्तकालय में बच्चों को पढ़ने का अतिरिक्त समय मिलेगा। साथ ही विस्तार या दूसरी ब्रांच शुरू की जाएगी।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि जिला पुस्तकालय नोएडा के राजकीय इंटर कॉलेज में हैं। जिला पुस्तकालय केवल पुस्तकों के अध्ययन का केंद्र न होकर विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों, शोधार्थियों और आम नागरिकों के लिए ज्ञान, नवाचार व बौद्धिक विकास का सशक्त माध्यम बनना चाहिए। निर्देश दिए कि पाठकों की आवश्यकताओं और समकालीन विषयों को ध्यान में रखकर पुस्तकालय में नवीन, उपयोगी और गुणवत्तापूर्ण पुस्तकों, पत्र-पत्रिकाओं व अन्य अध्ययन सामग्री उपलब्ध करानी होगी। पुस्तकालय के पाठक पंजीकरण और सदस्यता की समीक्षा कर कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों को पुस्तकालय से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता व प्रचार-प्रसार करना होगा। पुस्तकालय भवन, फर्नीचर, कंप्यूटर, इंटरनेट, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं की समस्या को दूर किया जाएगा। डीएम ने बताया कि बच्चों ने कुछ शिकायत की है। उनका समाधान किया जा रहा है। बच्चों को पढ़ने के लिए ज्यादा समय चाहिए तो इसके लिए अतिरिक्त शिफ्ट में कर्मचारी तैनात करने की कार्रवाई की जाएगी। पुस्तकालय का विस्तार किया जाएगा। दूसरी ब्रांच बनाई जाएगी या फिर जमीन लेकर विस्तार किया जाएगा।