दिल्ली की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था वाले मॉडल को पंजाब में बेहतर साबित करना आश्चर्यजनक : वीरेंद्र सचदेवा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली ही नहीं पंजाब के लोगों को भी गुमराह करने का आरोप मढ़ा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में उनका स्वास्थ्य मॉडल पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है और अब इसी मॉडल को पंजाब में लागू करने की बात कर रहे हैं। उनके पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ही नहीं पूर्व शिक्षा मंत्री भी तिहाड़ की हवा खा रहे हैं, बावजूद विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का स्वांग रच रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल का यह कहना कि दिल्ली की तरह पंजाब को भी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे, आश्चर्यजनक है। दिल्ली के सरकारी अस्पतालों की हालत दयनीय है। जीबी पंत अस्पताल में मरीजों को एमआरआई के लिए 39 महीने की तारीख दी जा रही है। मौलाना आजाद डेंटल कॉलेज दांत बदलने के लिए 13 महीने की तारीख दे रहा है। जीटीबी अस्पताल, चाचा नेहरू अस्पताल, दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल हो या एलएनजेपी अस्पताल, सभी में डॉक्टरों, बिस्तरों, पैरामेडिक स्टाफ, साफ-सफाई के अलावा दवाओं की कमी है। इन अस्पतालों में डॉक्टरों और मरीजों के परिचारकों के बीच झड़प की खबरें अखबारों की सुर्खियां बन रही हैं। मोहल्ला क्लीनिक पूरी तरह से दिल्लीवासियों को निराश कर रहे हैं। दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज द्वारा पिछले सप्ताह छापा मारकर मोहल्ला क्लिनिक के डॉक्टरों को निलंबित किया गया, वे खुले तौर पर स्वीकार करते हैं कि डॉक्टर क्लीनिकों से गायब रहते हैं और दवाएं नहीं मिलती हैं।