धनघटा। नगर पंचायत हैंसर धनघटा क्षेत्र के पुरानी तहसील बाग धनघटा में 14 नवम्बर से शुरू होने जा रहे द्वाबा महोत्सव की तैयारियों का डीएम व एसपी ने बुधवार को जायजा लिया। उन्होंने वहां चल रही तैयारियों को देखा। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, गाड़ियों की पार्किंग, कलाकारों के ठहरने आदि के बारे में डीएम ने जानकारी ली।
द्वाबा महोत्सव शुरू होने में दो दिन से कम समय रह गया है। महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही है। आयोजन के लिए शासन ने बीस लाख रुपये अवमुक्त किये गए हैं। पांच दिवसीय महोत्सव में लोक गायन, खेल प्रतियोगिताओं आदि कार्यक्रमों के आयोजन किए जाएंगे।
डीएम आलोक कुमार व एसपी ने कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों को परखा। कार्यक्रम स्थल पर साफ सफाई व्यवस्था का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। मुख्य पंडाल भी बनकर तैयार हो गया है। चेयरमैन प्रतिनिधि नीलमणि ने बताया कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी अंतिम चरण में है। कार्यक्रम में सभी लोगों को जिम्मेदारी सौंप दी गयी है। एसपी ने मौके पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक जेपी दुबे को सुरक्षा तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।