नोएडा। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत पर फिल्म बनाने के नाम पर चार लोगों ने सेक्टर-46 में एक होटल किराए पर लिया। करीब चार माह तक रहने का बिल आठ लाख रुपये का आया। आरोपियों ने होटल मालिक को 8 लाख का चेक दिया जो बाउंस हो गया। मामले में कोर्ट के आदेश पर चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-39 में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मंगलम तिवारी सेक्टर-46 में एक होटल चलाते हैं। आरोप है कि विजय शेखर, नितिन पंत, सचिन तिवारी और वरुण खंडेलवाल उनके होटल आए थे। इन लोगों ने बताया कि वह दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर एक फिल्म बना रहे हैं। फिल्म में अभिनेता की शक्ल से मिलता जुलता चेहरे वाले सचिन तिवारी सुशांत सिंह राजपूत का रोल निभाएंगे। इन चारों लोगों ने होटल में चार कमरे बुक कराए और रहने लगे। चारों करीब चार माह तक होटल में रहे। इस दौरान उन्होंने होटल का किराया नहीं दिया। करीब 8 लाख रुपये किराया होने पर जब होटल के मालिक ने उनसे पैसे की मांग की तो उन्होंने चेक दिया और होटल छोड़कर चले गए। चेक बाउंस होने पर होटल मालिक को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। आरोप है कि शिकायत करने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिसके बाद होटल मालिक ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर अब कोतवाली सेक्टर-39 में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म के नाम पर चार लोग होटल में चार माह तक रहे। किराए का चेक बाउंस हो गया था। मामले में कोर्ट के आदेश पर चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।