संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। दिवाली की खरीदारी की चमक बाजारों में दिखने लगी है। दुकानें सज गई हैं। बाहर भी सजावट के सामान की दुकानें लग गई हैं। उपहारों की दुकानों पर भीड़ लगने लगी है। सजावट के सामान की दुकानों पर नई तरह के सामान की मांग करते हुए ग्राहक पहुंच रहे हैं। बाजार में इस बार झूमर लाइट आकर्षण हैं। छोटे से छोटे और बड़े से बड़े आकार में झूमर लाइट, आप अपने बजट के अनुसार खरीद सकते हैं। ई-मोमबत्तियां, दीपक और शैडो लैंप की मांग भी है।
दुकानदारों के अनुसार एलईडी झूमर, वॉल लाइट और क्रिस्टल झूमर की मांग अधिक की जा रही है। इनकी कीमत बाजार में 500 से लेकर 50 हजार रुपये तक है। इन्हें लोग अपने बजट के अनुसार खरीद रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि पिछले साल की खरीद को देखते हुए इस बार अधिक स्टाॅक अधिक मंगाया है। खरीदारी की उम्मीद भी अधिक है। बिजली की कम खपत वाले और रिमोट या मोबाइल से नियंत्रित किए जाने वाले सजावट के सामान उपलब्ध हैं।
थ्रीडी शैडो लैंप की मांग भी
दुकानदार संजीव ने बताया कि छत पर लगने वाले क्रिस्टल झूमर जिनकी रोशनी पूरे घर में होती है, एंटीक वॉल लाइट्स ब्रास और मेटल फिनिश में उपलब्ध हैं। मोमबत्ती की तरह झिलमिलाने वाले बल्बों से बने कैंडल झूमर भी विशेष हैं। यह बिना आग के असली जलती मोमबत्ती की तरह लगते हैं। बाजार में इन झूमर व मोमबत्तियों की कीमत हर बजट में मौजूद है। थ्रीडी शैडो लैंप की मांग सबसे अधिक है। लैंप के चारों ओर छोटे आकार के डिजाइन बनाए जाते है, जिनकी दीवार पर थ्रीडी स्टाइल में शैडो पड़ती है। इनकी कीमत बाजार में 1500 से शुरू होकर 15 हजार रुपये तक है।
स्वदेशी लड़ियों भी पसंद बनीं
दुकानदार रमेश ने बताया कि वह कई साल से इलेक्ट्रॉनिक सामान का व्यापार कर रहे हैं। हर साल ग्राहकों की पसंद में बदलाव देखने के लिए मिलता है। इस बार एंटीक झूमर, क्रिस्टल झूमर, एंटीक वॉल लाइट, इलेक्ट्रिक मोमबत्तियां, दीपक और ड्रम झूमर काफी पसंद किए जा रहे हैं। स्वदेशी लड़ियों का स्टाॅक लाया गया है। इसे भी ग्राहक काफी पसंद भी कर रहे हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार बिजली के सजावटी सामान की मांग अधिक है।
ये है कीमत
क्रिस्टल झूमर : 2000-25000 रुपये
एंटीक वॉल लाइट्स : 1000-6000 रुपये
कैंडल झूमर : 3000-12000 रुपये
एलईडी लाइट्स : 500-2000 रुपये
रिमोट कंट्रोल लाइट बल्ब : 800-3000 रुपये
सोलर डेकोरेटिव लाइट्स : 1000-5000 रुपये
थ्रीडी शैडो लैंप्स : 1500-10000 रुपये
डायमंड बाॅल लाइट्स : 2000- 8000 रुपये
लोटस फ्लावर लैंप : 700-4000 रुपये