यमुना एक्सप्रेस वे पर लगा नोएडा एयरपोर्ट का बोर्ड
- फोटो : amar ujala
कोरोना महामारी में सुधार की स्थिति जारी रहती है तो दिल्ली के पास नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (एनआईए) का पहला चरण एक रनवे के साथ सितंबर 2024 तक पूरा हो जाएगा। एयरपोर्ट की क्षमता प्रतिवर्ष 1.2 करोड़ लोगों की होगी। प्रोजेक्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट के पहले चरण का काम चल रहा है और यह 5,700 करोड़ रुपये में पूरा होगा। प्रोजेक्ट पर महंगाई के कारण बढ़ने वाली कीमत का आंकलन स्विस कंपनी ज्यूरिख इंटरनेशनल एयरपोर्ट एजी की 100 प्रतिशत साझेदारी वाली सहयोगी कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) ने कर लिया है।
एनआईए गौतम बुद्ध नगर जिला के जेवर में स्थित है। यह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लगभग 80 किलोमीटर दूर स्थित है। इसे सार्वजनिक-निजी साझेदारी (पीपीपी) मॉडल पर यूपी सरकार द्वारा वाईआईएपीएल के साथ किया जा रहा है। वाईआईएपीएल के सीईओ क्रिस्टोफ चैनलमैन ने कहा कि मैं कोरोना महामारी के बारे में भविष्यवाणी नहीं करना चाहता लेकिन अगर यह सुधार जारी रहता है तो हम वादा करते हैं कि हम यह एयरपोर्ट तीन साल के अंदर अक्टूबर 2024 तक जनता को समर्पित कर देंगे।
प्रोजेक्ट के पहले चरण पर 5,730 करोड़ का खर्चा आएगा जबकि पूरे प्रोजेक्ट (चार चरण) पर लगभग 30,000 करोड़ रुपये का अनुमानित खर्चा आएगा।