जोंटी के पदक जीतने पर जिले में जश्न
बधाई देने के लिए घर पर लगा रहा लोगों का तांता
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जमालपुर गांव निवासी पहलवान जोंटी भाटी ने जॉर्डन में चल रही अंडर-23 एशिया चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। जीत की खुशी में उनके गांव में जमकर आतिशबाजी की गई।
कोच रंजीत पहलवान ने बताया कि रविवार देर रात स्वर्ण पदक जीतने पर जमालपुर गांव में जमकर आतिशबाजी की गई। वहीं, सोमवार को भी बधाई देने के लिए घर पर लोगों का तांता लगा रहा। उन्होंने बताया कि फाइनल में जोंटी ने ईरान के पहलवान को पराजित कर देश के लिए स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले भी जोंटी भाटी ने भारत केसरी, भारत कुमार, यूपी केसरी व अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक व खिताब जीते हैं।
जॉर्डन में स्वर्ण पदक जीतकर जोंटी ने परिवार, जिले का ही नहीं पूरे देश का नाम रोशन किया है। युवा पहलवानों के लिए जोंटी एक मिसाल बनकर उभरे हैं। - रवि पहलवान, कोच व अंतरराष्ट्रीय रेफरी
टी-20 विश्वकप जीतकर भारतीय टीम ने देश को गौरवान्वित किया है। वहीं, कुश्ती में पहलवान जोंटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर जश्न को दोगुना कर दिया है। - खुशी नागर, राष्ट्रीय पहलवान
देश के लिए पदक जीतना गौरव की बात होती है। पहलवान जोंटी भाटी ने युवाओं में जोश भरने का काम किया है। वह भी देश का नाम रोशन करेंगी। - शीतल तंवर, राष्ट्रीय पहलवान