एडीएम न्यायिक ने कलेक्ट्रेट सभागार में की गौ आश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गौशालाओं पर अब सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों का आईपी एड्रेस और आईडी-पासवर्ड तीन दिनों के भीतर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को देने के लिए कहा गया है। बुधवार को अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने कलेक्ट्रेट में गौ आश्रय स्थलों को लेकर जिला स्तरीय अनुश्रवण और मूल्यांकन समिति की समीक्षा बैठक की। इस दौरान संबंधित अफसरों को गर्मी के दौरान गौशालाओं में सभी जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। बैठक में गो संवर्धन और संरक्षण कोष में धनराशि एकत्रित करने और उसके उपयोग पर भी चर्चा की गई।
एडीएम न्यायिक प्रियंका ने कहा कि विभिन्न संस्थानों, सामाजिक संगठनों और जनसहभागिता के जरिए इस कोष को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने जिले में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण के लिए अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त मात्रा में भूसा, चारा, साफ पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने को कहा। नोडल अधिकारी गौशालाओं का निरीक्षण कर गोवंश की वास्तविक संख्या का सत्यापन रजिस्टर और पोर्टल से करेंगे।