- पहले 29 जुलाई से 2 अगस्त तक होनी थी अब 2 सितंबर से होंगी
- नॉर्थ जोन की 260 टीमें होंगी शामिल, विजेता टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से इस वर्ष नॉर्थ जोन-1 सीबीएसई क्लस्टर खो-खो बालक चैंपियनशिप का आयोजन गौतमबुद्ध नगर में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमेगा-1 स्थित सेनफोर्ड वर्ल्ड स्कूल में 2 से 6 सितंबर तक आयोजित होगी। इसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों की 260 टीमें शामिल होंगी।
ग्रेटर नोएडा में यह प्रतियोगिता 29 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होनी थी। खराब मौसम के कारण खिलाड़ियों को होनी वाली परेशानी को देखते हुए सीबीएसई की ओर इसका आयोजन सितंबर में कराने का निर्णय लिया गया है। आयोजन को लेकर स्कूल प्रबंधन और आयोजन समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के पहुंचने की संभावना है। खेल मैदानों की तैयारी, आवास, भोजन, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की होगी।
विद्यालय के निदेशक क्षितिज खंडेलवाल व प्राचार्या इंदु कोहली का कहना है कि प्रतियोगिता में बालक वर्ग में खिलाड़ी अंडर-14, 17 व 19 कैटेगरी में अपनी टीम को विजय बनाने के लिए मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन के दौरान सीबीएसई के निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। खिलाड़ियों के ठहरने व खाने की व्यवस्था स्कूल परिसर में की जाएगी।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए करेंगी मुकाबला
कोच जुगनवीर ने बताया कि क्लस्टर स्तर की इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन वाली टीमें आगामी सीबीएसई राष्ट्रीय बालक खो-खो चैंपियनशिप में नॉर्थ जोन-1 का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। सभी टीमें पूरी तैयारी और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेंगी। खिलाड़ियों के लिए यह केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर भी है।