स्पोर्ट्स सिटी के भ्रष्टाचार की जांच के लिए नोएडा प्राधिकरण पहुंची सीबीआई
-पांच अधिकारियों की टीम ने पहले एसीईओ फिर बोर्ड रूम में अधिकारियों से ली परियोजना से जुड़ी जानकारी
-तीन याचिकाओं में हुए हैं सीबीआई जांच के आदेश, आगे बिल्डर व प्राधिकरण के अधिकारियों के ख़िलाफ़ दर्ज होगा केस
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की स्पोर्ट्स सिटी परियोजना में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टीगेशन (सीबीआई) ने जांच शुरू कर दी है। सीबीआई की एक टीम शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण दफ़्तर पहुंची। पहले एसीईओ फिर प्राधिकरण अधिकारियों से सीबीआई अधिकारी ने परियोजना के बारे में जानकारी ली। यह भी बताया कि अभी केस दर्ज नहीं हुआ है। आगे जल्द ही फिर से टीम जांच के लिए पहुंचेगी।
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 24 फ़रवरी को बिल्डर की तरफ़ से दाखिल की गई याचिकाओं पर सीबीआई व ईडी जांच के आदेश दिये थे। बिल्डर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से लगाई गई ओसी-सीसी पर रोक हटाने के लिए कोर्ट गए थे। सीबीआई को भ्रष्ट्राचार और गड़बड़ी तो ईडी को आदेश फंड डायवर्जन जांच के लिए आदेश दिए गए हैं। सीबीआई जांच का आदेश बिल्डर कंपनी एस्टेथिक बिल्डटेक व दो अन्य, ऑगर रियलटर्स, थ्री सी ग्रीन डेवलपर्स व 8 अन्य की याचिका पर हुआ है। इसमें थ्री सी ग्रीन व 8 अन्य की याचिका पर दिए गए आदेश में कोर्ट ने सीबीआई को पूरे प्रकरण में शामिल नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी व बिल्डरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच करने के लिए कहा है। वहीं ईडी जांच का आदेश एरिना सुपर स्ट्रक्चर, सीक्वेल बिल्डकॉन की याचिका पर हुआ है।
डिप्टी एसपी की अगुवाई में पहुंची थी टीम-
सीबीआई की टीम डिप्टी एसपी के नेतृत्व में नोएडा प्राधिकरण दफ्तर पहुंची थी। टीम उच्च न्यायालय के आदेश की कॉपी लेकर आई थी। टीम ने प्राधिकरण के एक एसीईओ व अन्य अधिकारियों से स्पोर्ट्स सिटी परियोजना की जानकारी ली। इसमें मुख्य तौर पर पूछा कि यह योजना कब आई थी, शुरुआत में कितने बिल्डरों को प्लॉट आवंटित किए। फिर उन बड़े प्लॉट में कितने सबडिवीज़न हुए। बिल्डरों पर कितना बकाया है और कितना जमा हुआ है। इसके अलावा सीबीआई ने अन्य मुद्दों पर जानकारी ली। कुछ घंटे टीम प्राधिकरण के दफ्तर में रही। सीबीआई की टीम ने मौखिक रूप से अधिकारियों से जानकारी ली लेकिन कोई दस्तावेज नहीं लिए।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि सीबीआई की टीम आई थी। अभी जांच को लेकर सीबीआई की तरफ से कोई आधिकारिक पत्र या सूचना नहीं दी गई है। टीम के पास हाई कोर्ट के आदेश की प्रतियां थीं। अब यह माना जा रहा है कि सोमवार को सीबीआई की टीम फिर से नोएडा प्राधिकरण आएगी। जांच में सीबीआई टीम जो साक्ष्य व दस्तावेज मांगेगी उपलब्ध करवाये जाएं