ग्रेटर नोएडा। निफ्टेक ग्लोबल कंपनी के निदेशक समेत चार लोगों पर एक और केस दर्ज होगा। डेढ़ साल में पैसे दोगुना करने का झांसा देने वाली कंपनी के खिलाफ कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। कंपनी पर गौतमबुद्घ नगर, गाजियाबाद और हापुड़ जिले के सैकड़ों लोगों से ठगी का आरोप है। गौतमबुद्घ नगर जिला अदालत ने पीड़ित निवेशक की शिकायत पर निफ्टेक ग्लोबल कंपनी के निदेशक धर्मपाल, एजेंट सुदेश उर्फ टिल्लू, अशोक और सुनीता पर रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया गया है।
अधिवक्ता जितेंद्र नागर ने बताया कि दिल्ली निवासी पीड़ित निवेशक धर्मवीर ने कोर्ट में अर्जी दी थी कि गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी धर्मपाल से उसकी मुलाकात हुई थी। धर्मपाल ने धर्मवीर की मुलाकात सुदेश उर्फ टिल्लू कराई थी। इन दोनों ने उन्हें निफ्टेक ग्लोबल कंपनी में निवेश कर डेढ़ साल में धन दोगुना करने का झांसा दिया। आरोप है कि धर्मवीर ने आरोपियों के झांसे में आकर तीस लाख रुपये कंपनी में निवेश कर दिए। धर्मवीर के अलावा अन्य लोगों के भी करोड़ों रुपये कंपनी में फंस गए थे। रुपये नहीं मिलने पर धर्मवीर ने पुलिस से शिकायत की थी। आरोप है कि निवेशकों की रकम से आरोपियों ने नोएडा में फैक्ट्री और कोठी बनवाई है। कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट में गुहार लगाई। अब अदालत ने सेक्टर-20 थाना पुलिस को केस दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।