-प्राधिकरण की शिकायत पर ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र गांव तुस्याना में अवैध कब्जे की शिकायत पर शनिवार को ईकोटेक-3 कोतवाली में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में जय सिंह नामक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में वर्क सर्किल-3 के सहायक प्रबंधक राजीव कुमार की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया है कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र तुस्याना में जय सिंह नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से बेसमेंट का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बेसमेंट की खुदाई के चलते पास में बने चार मंजिला भवन के गिरने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। अवैध निर्माणकर्ता द्वारा रात के समय मिट्टी खनन का कार्य भी किया जा रहा है। मौके का निरीक्षण किया, तो वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने अवैध निर्माणकर्ता की जानकारी दी। प्राधिकरण का कहना है कि फील्ड स्टाफ ने कई बार निर्माण कार्य को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन अवैध निर्माणकर्ता ने इसे लगातार अनदेखा किया। इससे उत्तर प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र विकास अधिनियम का उल्लंघन हो रहा है। अवैध निर्माण की वजह से आसपास बने मकानों को नुकसान और लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं कोतवाली पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।