तावडू। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर लोभियों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति, सास व ससुर सहित 6 नामजद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पीड़िता पायल निवासी वार्ड नंबर 14 तावडू ने बताया कि हिंदू रीति रिवाज के अनुसार 4 दिसंबर 2017 को कपिल चावला पुत्र इंद्रजीत चावला निवासी रेवाड़ी के साथ उसकी शादी हुई थी। शादी में उसके माता-पिता ने करीब 32 लाख खर्च किए थे। लेकिन दान दहेज से ससुराल वाले खुश नहीं थे। पीड़िता का आरोप है कि दहेज की खातिर ससुराल वालों ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया और कार की मांग करने लगे। जब उसने मांग पूरा करने में असमर्थता जाहिर की तो उसे मानसिक व शारीरिक यातनाएं दी गई। परिजनों ने पंचायत स्तर पर आरोपी पति, सास व ससुर को कई बार समझाया। लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और उसके सारे जेवर उतारकर मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि रेवाड़ी निवासी एक अन्य व्यक्ति किशन चावला आए दिन सास से मिलने आता और पीड़िता को गलत नजरों से देखता। जब आरोपी की हरकतों की शिकायत सास से की तो उलटा पीड़िता को ही धमका कर चुप कर दिया। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर आरोपी पति कपिल चावला, ससुर इंद्रजीत, सास वीना, ननद रश्मि, नन्दोई रोहित व किशन के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।